वार्षिक परीक्षा हेतु कक्षा-8 विज्ञान मॉडल प्रश्न पत्र-1

विज्ञान मॉडल प्रश्न पत्र -1 ll Science Modal Question Paper-1

विषय – विज्ञान ll Subject – Science

कक्षा-8 वार्षिक परीक्षा 2024

(प्रश्न क्रमांक 1 से 10)
प्रश्न 1. यीस्ट का उपयोग निम्न के उत्पादन में होता है–
(अ) चीनी
(ब) ऐल्कोहॉल
(स) हाइड्रोक्लोरिक अम्ल
(द) ऑक्सीजन
उत्तर– ऐल्कोहॉल।

प्रश्न 2. रेयॉन एक संश्लेषित रेशा नहीं है, क्योंकि–
(अ) इसका रूप रेशम समान होता है।
(ब) इसे काष्ठ लुग्दी से प्राप्त किया जाता है।
(स) इसके रेशों को प्राकृतिक रेशों के समान बुना जा सकता है।
(द) इनमें से कोई नहीं
उत्तर– इसे काष्ठ लुग्दी से प्राप्त किया जाता है।

प्रश्न 3. निम्नलिखित में से किसको पीटकर पतली चादर में परिवर्तित किया जा सकता है?
(अ) जिंक
(ब) फॉस्फोरस
(स) सल्फर
(द) ऑक्सीजन
उत्तर– जिंक।

प्रश्न 4. फॉस्फोरस है–
(अ) धातु
(ब) अधातु
(स) उपधातु
(द) मिश्रधातु
उत्तर– अधातु।

प्रश्न 5. मनुष्य की किस अवस्था की अवधि 11 वर्ष से 19 वर्ष होती है?
(अ) शैशवावस्था
(ब) बाल्यावस्था
(स) किशोरावस्था
(द) युवावस्था
उत्तर– किशोरावस्था।

प्रश्न 6. ………. का मात्रक ‘पास्कल’ होता है।
(अ) बल
(ब) चाल
(स) क्षेत्रफल
(द) दाब
उत्तर– दाब।

प्रश्न 7. कम्पन करने वाली वस्तु द्वारा ……….. सेकण्ड में किए गए कम्पनों की संख्या को उसकी आवृत्ति कहते हैं।
(अ) 1
(ब) 2
(स) 3
(द) 4
उत्तर– 1

प्रश्न 8. ध्वनि संचरित हो सकती है–
(अ) केवल वायु या गैसों में
(ब) केवल ठोसों में
(स) केवल द्रवों में
(द) ठोसों, द्रवों तथा गैसों में
उत्तर– ठोसों, द्रवों तथा गैसों में।

प्रश्न 9. पृथ्वी का अचानक काँपना अथवा थरथराना …….. कहलाता है।
(अ) भूकम्प
(ब) भूस्खलन
(स) ज्वालामुखी
(द) बाढ़
उत्तर– भूकम्प।

प्रश्न 10. प्रकाश का किसी सतह से टकराकर वापस उसी माध्यम में लौटना ……… कहलाता है।
(अ) प्रकाश का परावर्तन
(ब) प्रकाश का अपवर्तन
(स) प्रकाश का प्रकीर्णन
(द) प्रकाश का वर्ण विक्षेपण
उत्तर– प्रकाश का परावर्तन।

लघुत्तरीय प्रश्न
(प्रश्न क्रमांक 11 से 20)
प्रश्न 11. फसल को कितने वर्गों में बाँटा गया है? प्रत्येक वर्ग के दो-दो उदाहरण लिखिए।
उत्तर– मोटे तौर पर फसलों को दो वर्गों में बाँटा जा सकता है। वे इस प्रकार हैं– (i) खरीफ़ फ़सल– वह फसल जिन्हें वर्षा ऋतु में बोया जाता है, खरीफ़ फ़सल कहलाती हैं। भारत में वर्षा ऋतु सामान्यतः जून से सितम्बर तक होती है। धान, मक्का, सोयाबीन, मूँगफली, कपास इत्यादि खरीफ़ फ़सलें हैं। (ii) रबी फसल– शीत ऋतु (अक्टूबर से मार्च तक) में उगाई जाने वाली फ़सलें रबी फसलें कहलाती हैं। गेहूँ, चना, मटर, सरसों तथा अलसी रबी फ़सल के उदाहरण हैं।

प्रश्न 12. खरपतवार फसलों को किस प्रकार नुकसान पहुँचाते हैं?
उत्तर– खरपतवार जल, पोषक, जगह और प्रकाश की स्पर्धा कर फसल की वृद्धि पर प्रभाव डालते हैं। कुछ खरपतवार कटाई में भी बाधा डालते हैं तथा मनुष्य एवं पशुओं के लिए विषैले हो सकते हैं।

प्रश्न 13. प्रतिजैविक का उपयोग करते समय हमें क्या-क्या सावधानियाँ रखना चाहिए?
उत्तर– डॉक्टर की सलाह पर ही प्रतिजैविक की दवाएँ लेनी चाहिए तथा उस दवा का कोर्स भी पूरा करना चाहिए। यदि आप प्रतिजैविक उस समय लेंगे जब उसकी आवश्यकता नहीं है, तो अगली बार जब आप बीमार होंगे और आपको प्रतिजैविक की आवश्यकता होगी तो वह उतनी प्रभावी नहीं होगी। इसके अतिरिक्त अनावश्यक रूप से ली गई प्रतिजैविक शरीर में उपस्थित उपयोगी जीवाणु भी नष्ट कर देती है। सर्दी-जुकाम एवं फ्लू में प्रतिजैविक प्रभावशाली नहीं हैं, क्योंकि यह रोग विषाणु द्वारा होते हैं।

प्रश्न 14. नाइलॉन के किस गुण के कारण उसका उपयोग कपड़ों के निर्माण में होता है?
उत्तर– नाइलॉन रेशा प्रबल, प्रत्यास्थ और हलका होता है। यह चमकीला और धुलने में सुगम होता है। अतः इसका प्रयोग कपड़ों के निर्माण के लिए किया जाता है।

प्रश्न 15. अघातवर्धनीयता को समझाइए।
उत्तर– धातुओं का वह गुण जिसके कारण उन्हें पीटकर शीट में परिवर्तित किया जा सकता है, आघातवर्धनीयता कहलाता है। यह धातुओं का अभिलाक्षणिक गुण है।

प्रश्न 16. भारत में प्राकृतिक गैस कहाँ-कहाँ पाई जाती है?
उत्तर– हमारे देश में प्राकृतिक गैस त्रिपुरा, राजस्थान, महाराष्ट्र और कृष्णा गोदावरी डेल्टा में पाई जाती है।

प्रश्न 17. ऊष्मीय मान किसे कहते हैं? ईंधन के ऊष्मीय मान को किस मात्रक द्वारा प्रदर्शित किया जाता है?
उत्तर– किसी ईंधन के 1 किलोग्राम के पूर्ण दहन से प्राप्त ऊष्मा (ऊर्जा की मात्रा), उसका ऊष्मीय मान कहलाती है। ईंधन के ऊष्मीय मान को किलोजूल प्रति किलोग्राम (kJ/kg) मात्रक द्वारा प्रदर्शित किया जाता है।

प्रश्न 18. सबसे बड़ी कोशिका का नाम एवं उसका साइज लिखिए।
उत्तर– सबसे बड़ी कोशिका शुतुर्मुर्ग का अण्डा है, जिसका साइज़ 170 mm × 130 mm होता है।

प्रश्न 19. किसी पृष्ठ पर लगने वाले दाब को परिभाषित कीजिए व सूत्र विज्ञान लिखिए।
उत्तर– किसी पृष्ठ के प्रति एकांक क्षेत्रफल पर लगने वाले बल को दाब कहते हैं।
दाब = बल/क्षेत्रफल

प्रश्न 20. कैरम बोर्ड पर महीन पाउडर क्यों छिड़कते हैं?
उत्तर– घर्षण कम करने के लिए कैरम बोर्ड पर महीन पाउडर छिड़का जाता है।

दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
(प्रश्न क्रमांक 21 से 25)

प्रश्न 21. उर्वरक और खाद में क्या अन्तर है? लिखिए।
उत्तर– उर्वरक और खाद में प्रमुख अन्तर निम्नलिखित हैं–
1. उर्वरक एक मानव निर्मित लवण है, जबकि खाद एक प्राकृतिक पदार्थ है जो गोबर एवं पौधों के अवशेष के विघटन से प्राप्त होता है।
2. उर्वरक का उत्पादन फैक्ट्रियों में होता है, जबकि खाद खेतों में बनाई जा सकती है।
3. उर्वरक से मिट्टी को ह्यूमस प्राप्त नहीं होती, जबकि खाद से मिट्टी को ह्यूमस प्रचुर मात्रा में प्राप्त होती है।
4. उर्वरक में पादप पोषक, जैसे कि नाइट्रोजन, फास्फोरस तथा पोटेशियम प्रचुरता में होते हैं, जबकि खाद में पादप पोषक तुलनात्मक रूप से कम होते हैं।

प्रश्न 22. ध्वनि प्रदूषण क्या है? ध्वनि प्रदूषण के प्रमुख कारणों का उल्लेख कीजिए।
उत्तर– वातावरण में अत्यधिक या अवांछित ध्वनियों को ध्वनि प्रदूषण कहते हैं। ध्वनि प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं– वाहनों की ध्वनियाँ, विस्फोट जिसमें पटाखों का फटना भी सम्मिलित है, मशीनें, लाउडस्पीकर आदि। ऊँची आवाज़ में चलाए गए टेलिविज़न तथा ट्रांजिस्टर रेडियो, रसोईघर के कुछ उपकरण, कूलर, वातानुकूलक आदि सभी ध्वनि प्रदूषण के लिए उत्तरदायी हैं।

प्रश्न 23. “संश्लेषित रेशों का औद्योगिक निर्माण वास्तव में वनों के संरक्षण में सहायक हो रहा है।” टिप्पणी कीजिए।
उत्तर– संश्लेषित रेशों को पौधों और जन्तुओं से प्राप्त नहीं किया जाता है। इन्हें रासायनिक पदार्थों का उपयोग करके बनाया जाता है। ये मानव निर्मित कृत्रिम रेशे हैं। इसलिए इनके निर्माण में पेड़-पौधों को काटने की आवश्यकता नहीं होती, जबकि प्राकृतिक रेशों को प्राप्त करने के लिए पेड़-पौधों को काटना पड़ता है। अतः यह कहा जा सकता है कि संश्लेषित रेशों का औद्योगिक निर्माण वास्तव में वनों के संरक्षण में सहायक हो रहा है।

प्रश्न 24. पेट्रोलियम निर्माण के प्रक्रम को समझाइए।
उत्तर– पेट्रोलियम का निर्माण समुद्र में रहने वाले जीवों से हुआ। जब ये जीव मृत हुए तो इनके शरीर समुद्र के तल में जाकर बैठ गए और फिर रेत तथा मिट्टी की तहों द्वारा ढक गए। लाखों वर्षों के बाद वायु की अनुपस्थिति, उच्च ताप और उच्च दाब के कारण मृत जीव पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस में परिवर्तित हो गए।

प्रश्न 25. “सजीवों में कोशिका मूलभूत संरचनात्मक इकाई है।” समझाइए।
उत्तर– जिस प्रकार भवन निर्माण के लिए ईंटों का प्रयोग होता है, उसी प्रकार सजीव जगत के जीव भिन्न-भिन्न होते हुए भी कोशिकाओं के बने होते हैं। इसीलिए यह कहा जाता है कि कोशिका सजीवों की मूलभूत इकाई है। कोशिकाओं के आधार पर सजीवों को दो भागों में विभाजित किया जाता है–
(1) एककोशिक
(2) बहुकोशिक।
बहुकोशिक सजीवों में विभिन्न कोशिकाएँ मिलकर ऊतक तथा विभिन्न ऊतक मिलकर अंगों का निर्माण करते हैं। विभिन्न कार्यों के लिए विभिन्न अंगों का उपयोग होता है। एककोशिक जीवों में सभी कार्य एक कोशिका द्वारा ही किए जाते हैं। अतः यह कहा जा सकता है कि कोशिका सजीवों की मूलभूत संरचनात्मक इकाई है।

Education Point की जानकारी टेलीग्राम ग्रुप पर देखने के लिए यहाँ क्लिक करें एवं Telegram Group join करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Education Point की सभी जानकारीयां Category Wise देखने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Education Point पर visit करने के लिए आपका धन्यबाद

क्या आपको जानकारी अच्छी लगी । कमेंट्स में अवश्य लिखे । आपका कोई सुझाव हो तो आप हमें अवस्य बताए ।

🙏🏻 आपका दिन शुभ हो 🙏🏻

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *