कैबिनेट बैठक के ऐलान : केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4% बढ़ा

कैबिनेट बैठक के ऐलान : केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4% बढ़ा, उज्ज्वला योजना पर 300 रुपए सब्सिडी एक साल बढ़ी, 10 करोड़ परिवार को फायदा

 

केंद्रीय कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) में सरकार ने बढ़ोतरी कर दी है। कल यानी 7 मार्च को हुई कैबिनेट मीटिंग में सरकार ने 4% DA बढ़ाने का ऐलान किया है। यह 1 जनवरी 2024 से लागू होगा। DA बढ़ने के बाद कर्मचारियों का भत्ता 46% से बढ़कर 50% हो गया है।

इसका फायदा करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को होगा। DA 46% से बढ़कर 50% होने के कारण अब मकान किराया भत्ता भी बढ़ जाएगा। इसे 27, 18 और 9% से बढ़ाकर 30, 20 और 10% किया जाएगा। ग्रेजुएटी सीमा भी 20 लाख से 25 लाख हो गई है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि DA में 4% की बढ़ोतरी से सरकार पर 12,868 करोड़ रुपए का बोझ आएगा। इससे पहले सरकार ने अक्टूबर 2023 में DA 4% बढ़ाकर 46% किया था। महंगाई भत्ता साल में दो बार जनवरी और जुलाई में बढ़ाया जाता है।

मौजूदा महंगाई के अनुसार हर 6 महीने में होता है DA का कैलकुलेशन
महंगाई भत्ता महंगाई बढ़ने के बावजूद सरकारी कर्मचारियों के जीवन स्तर को बनाए रखने के लिए दिया जाता है। यह पैसा सरकारी कर्मचारियों और पेंशन धारकों को दिया जाता है।

इसका कैलकुलेशन देश की मौजूदा महंगाई के अनुसार हर 6 महीने पर किया जाता है। इसकी गणना संबंधित वेतनमान के आधार पर कर्मचारियों के मूल वेतन के अनुसार की जाती है। महंगाई भत्ता शहरी, अर्ध-शहरी या ग्रामीण क्षेत्र के कर्मचारियों का अलग-अलग हो सकता है।

DA के बाद कितना फायदा होगा?
इसके लिए नीचे लिखे फॉर्मूला में अपनी सैलरी भरें..(बेसिक पे + ग्रेड पे) × DA% = DA अमाउंट

आसान भाषा में समझें तो बेसिक सैलरी में ग्रेड सैलरी को जोड़ने के बाद जो सैलरी बनती है, उसमे महंगाई भत्ते की दर का गुणा किया जाता है। जो नतीजा आता है, उसे ही महंगाई भत्ता यानी डेअरनेस अलाउंस (DA) कहा जाता है। अब इसे एक उदाहरण से समझते हैं, मान लीजिए आपकी बेसिक सैलरी 10 हजार रुपए और ग्रेड पे 1000 रुपए है।

दोनों को जोड़ने पर टोटल 11 हजार रुपए हुआ। अब बढ़ने वाले 50% महंगाई भत्ते के लिहाज से देखें, तो यह 5,500 रुपए हुआ। सबको जोड़कर आपकी टोटल सैलरी 16,500 रुपए हुई। वहीं 46% DA के लिहाज से आपको 16,060 रुपए सैलरी मिल रही है। यानी 4% DA बढ़ने के बाद हर महीने 440 रुपए का फायदा होगा।

 

पीएम उज्ज्वला योजना की सब्सिडी एक साल और बढ़ी:12 सिलेंडर पर ₹300 की सब्सिडी मिलेगी, 14.2 किलो वाले सिलेंडर की भोपाल में कीमत ₹608

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत LPG सिलेंडर पर दी जाने वाली 300 रुपए की सब्सिडी को 31 मार्च 2025 तक बढ़ा दिया है। गुरुवार, 7 मार्च को कैबिनेट मीटिंग में ये फैसला लिया गया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस योजना का लाभ 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा। सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या में भी इजाफा किया गया है। पहले 10 सिलेंडर पर सब्सिडी मिलती थी, अब इसे बढ़ाकर 12 कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *